राजनांदगांव। जिले में पुलिस अधीक्षक ने बोरतलाव थाना प्रभारी सउनि गोकुल सोनकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थाना प्रभारी के खिलाफ आवेदक द्वारा रुपये के लेन-देन के संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर एवं तथ्यात्मक प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की है।
जारी आदेश के अनुसार, सउनि गोकुल सोनकर, थाना बोरतलाव के विरुद्ध आवेदक द्वारा रुपये के लेन-देन के संबंध में लिखित शिकायत की गई थी। प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोप गंभीर और तथ्यात्मक प्रतीत होते हैं। इसे गंभीर आचरण उल्लंघन का परिचायक मानते हुए विभाग की छवि धूमिल होने की आशंका जताई गई है।
निलंबन के बाद रिजर्व केंद्र राजनांदगांव में रहेंगे
आदेश में कहा गया है कि सउनि गोकुल सोनकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध किया जाता है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। इस दौरान वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और तीनों गणना में उपस्थित रहेंगे।
7 दिन में जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने मामले में प्राथमिक जांच कर सात दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतियां संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।