धमतरी। जिले में पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में मच्छली व्यापारी ने अपनी पत्नी पर टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कांटाकुर्रीडीह) का है। गांव के कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को सूचना दी थी कि कमार डेरा निवासी सत्या बाई कमार अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी हैं। उनके माथे, ठुड्डी, भुजा और पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान थे।
सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति मच्छली व्यापारी राजकुमार कमार ने बताया कि 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर पत्नी को घायल अवस्था में पाया। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली हत्या की पोल
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल धमतरी में कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने धारदार और वजनी वस्तु से शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मृत्यु का कारण बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में लेते हुए जांच तेज कर दी।
विवेचना के दौरान सरपंच सत्यवान ध्रुव और कोटवार हीरासिंग देवदास के बयान सहित घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर मृतका के पति राजकुमार कमार से दोबारा पूछताछ की गई।
खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी मच्छली व्यापारी राजकुमार कमार ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हत्या में इस्तेमाल हथियार
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे सफेद बबूल के पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखे हथियार बरामद किए। इनमें एक लोहे की टंगिया, एक छुरी और एक तीर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए हैं।
आरोपी पति गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस ने थाना केरेगांव में अपराध क्रमांक 28/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया। आरोपी राजकुमार कमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।