रायगढ़। छाल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक 6 चक्का माजदा वाहन से 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ जब्त किया है। कार्रवाई में 22 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को आज मुखबिर से सूचना मिली कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरकर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने थाना बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कराई।
जांच के दौरान महिंद्रा 6 चक्का वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे विभिन्न प्रकार के लोहे के स्क्रैप, एंगल, टीना एवं अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान कोरबा निवासी बताया। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने तथा कबाड़ के संदिग्ध होने पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में लगभग 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2 लाख, एवं परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा 6 चक्का वाहन, जिसकी कीमत लगभग ₹20 लाख है, कुल ₹22 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर कब्जे में ली। आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में कबाड़ के स्रोत एवं उसके वास्तविक स्वामित्व की भी जांच कर रही है।