कॉलेज रोड में शराब दुकान खोल दिया आबकारी विभाग ने, महिलाओं ने विधायक बंगले का किया घेराव 

बेमेतरा। विधायक जी को नींद प्यारी है। विधानसभा क्षेत्र के जनता की नींद उड़ी हुई है। दोपहर होने को है और नेताजी आराम फरमा रहे है। ये हम नहीं उनके कर्मचारी ही बता रहे है। ताजा मामला साजा का है। दरअसल नई शराब दुकान खोले जाने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। रिहायशी इलाके में शराब दुकान खुलने के विरोध में सैकड़ों महिलाएं सड़क पर उतर आईं और विधायक कार्यालय का घेराव कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस रास्ते से रोजाना छात्राएं और बच्चियां स्कूल-कॉलेज जाती हैं, उसी मार्ग पर शराब दुकान खोल दी गई है। इससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इस दौरान एक युवक ने नाराजगी जताते हुए कहा, “जब विधायक बनने के लिए ईश्वर साहू किसी भी समय वोट मांगने आ सकते हैं, तो हम अपनी समस्या लेकर कभी भी क्यों नहीं आ सकते?”

विधायक कार्यालय पहुंची महिलाओं को जब बताया गया कि विधायक ईश्वर साहू अभी आराम कर रहे हैं, तो महिलाएं नाराज हो गईं और उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनभावनाओं को देखते हुए रिहायशी इलाके से शराब दुकान को हटाया जाए। मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *