दिल्ली। बस्तर पांडुम 2026 के विजेता व बस्तर प्रतिनिधिमंडल, बस्तर के परगना मांझी चलाकी और पद्म पुरस्कार विजेता ने आज राष्ट्रपति भवन स्थित सांस्कृतिक केंद्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का सम्मान किया और उनसे बातचीत की। इस अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा उपस्थित थे।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि बस्तर पांडुम जैसे आयोजनों ने युवाओं को उनकी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत से फिर से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि ऐसे आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देते हैं और रोजगार के अवसर पैदा करते हैं।

उन्होंने कहा कि बस्तर में आया बदलाव पूरे देश के लिए खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के लोग अपनी सामूहिक शक्ति और दृढ़ संकल्प के माध्यम से विकास, शांति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएंगे। उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।

