रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज राष्ट्रमंडल खेल 2026 की रजत पदक विजेता एवं राजनांदगांव की प्रतिभाशाली बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव के उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान में 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, संसाधन और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।