रायगढ़। जूटमिल पुलिस ने दूध विक्रेता की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर निगरानी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-13-U-4525) बरामद कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना के संबंध में 30 जुलाई 2026 को प्रार्थी अर्जुन मौर्य (44 वर्ष), निवासी तुर्कुमुड़ा, जूटमिल ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आया था। दोपहर लगभग 12:30 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ली। रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 426/2026 अंतर्गत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आज 03 अगस्त 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कबीर चौक निवासी निगरानी बदमाश दीपक बरेठ थाना जूटमिल के पीछे चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को बाइक सहित पकड़ लिया। बरामद मोटरसाइकिल की आगे-पीछे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली।
पूछताछ एवं मेमोरेंडम के दौरान आरोपी दीपक बरेठ (34 वर्ष), निवासी कबीर चौक, वार्ड क्रमांक-35, थाना जूटमिल ने स्वीकार किया कि उसने झोपड़ीपारा स्थित अभिनव स्कूल के सामने दूध बेचने आए व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी की थी। आरोपी ने यह भी बताया कि बाइक में रखे तीन दूध के डिब्बों को उसने केलो नदी में फेंक दिया था, जो पानी के तेज बहाव में बह गए। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी दीपक बरेठ थाना जूटमिल का निगरानी बदमाश है, जिसके विरुद्ध लूट, चोरी, दुष्कर्म एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मामले पूर्व से दर्ज हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।