मुजगहन इलाके में गांजा सप्लाई करने वाला गिरफ्तार

रायपुर। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ रायपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मुजगहन क्षेत्र के ग्राम धुसेरा में पुलिस ने गांजा बिक्री के लिए रखे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।पुलिस को 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धुसेरा तालाब के पास विनय दीवान (36 वर्ष) गांजा बिक्री करने के लिए एक थैले में मादक पदार्थ रखकर खड़ा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी एवं पंचनामा कार्रवाई की।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तात (लायलोन) के थैले में रखे तीन पैकेटों में कुल 2.742 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी विनय दीवान पिता विनोद दीवान, निवासी ब्राह्मणपारा धुसेरा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 210/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *