गुटखा लेने जा रहे युवक की हत्या की कोशिश, 6 अपराधी गिरफ्तार

रायगढ़। त्योहार के दौरान शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रायगढ़ पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुरानी रंजिश को लेकर युवक को रास्ते में घेरकर चाकू, डंडे और अन्य हथियारों से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चैन बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे बापूनगर निवासी पालेश्वर दीप घर से गुटखा लेने के लिए निकला था। हनुमान मंदिर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कृष्णा डोगरे और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में पालेश्वर के सिर, माथे, पेट और दाहिने हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।

घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 477/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और बलवा से संबंधित गंभीर धाराएं 109(1), 190, 191(2) एवं 191(3) बीएनएस भी जोड़ीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर स्टील का चाकू, लोहे का पंच, पत्थर का टुकड़ा और पुरानी साइकिल की चैन बरामद की।गिरफ्तार आरोपियों में कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21), सभी निवासी बापूनगर रायगढ़ शामिल हैं। सभी को 1 सितंबर की शाम से देर रात तक गिरफ्तार किया गया और 2 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं सीएसपी राहुल उईके ने शहर के बदमाशों को थाना चक्रधरनगर परिसर में बुलाकर अपराध और विवाद से दूर रहने की सख्त समझाइश दी थी। इसके अगले ही दिन हिंसक घटना में शामिल आरोपियों पर कार्रवाई कर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में गुंडागर्दी और दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *