धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कियोस्क संचालक पर खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी और करीब 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कियोस्क संचालक केशव राम साहू (40) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर जब्त किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, NICT Technologies Pvt. Ltd. के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर (31), निवासी चरमुडिया, थाना कुरूद ने भखारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। संस्था भारतीय स्टेट बैंक के अनुबंध पर ग्राहक सेवा केंद्र (कियोस्क) का संचालन कराती है। इसी के तहत ग्राम कोरा में कियोस्क संचालन की जिम्मेदारी आरोपी केशव राम साहू को दी गई थी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ कथित तौर पर वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी, गबन और कूटरचना की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कुल 1,00,75,717 रुपये की राशि से संबंधित आपराधिक न्यासभंग का मामला दर्ज किया है।
मामले में भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत धारा 318(4), 338 और 336(3) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के FD बॉन्ड पेपर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए। पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को आज गिरफ्तार कर कुरूद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: केशव राम साहू, पिता हेमलाल साहू, उम्र 40 वर्ष। मूल निवासी देवकोट, चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद और वर्तमान पता बोरिया खुर्द, अर्जुन विहार, थाना मुजगहन, जिला रायपुर बताया गया है।