मदद की आस के बीच बाढ़ पीड़ितों के साथ अमानवीय व्यवहार, पिस्टल तानने वाला थाना प्रभारी सस्पेंड

सारण। बिहार के सारण जिले से पुलिस महकमे को हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री वितरण के दौरान मेकर थाने के प्रभारी संग्राम कुमार सिंह का कथित तौर पर लोगों की ओर पिस्तौल तानने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SHO को निलंबित कर दिया।

सारण SSP कार्यालय की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार, वायरल वीडियो में मेकर थाना प्रभारी संग्राम कुमार सिंह बाढ़ राहत सामग्री वितरण के दौरान लोगों की ओर पिस्तौल ताने हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया।

पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रथम दृष्टया थाना प्रभारी का यह कृत्य ड्यूटी में भारी लापरवाही, अनुशासनहीनता और मनमानी को दर्शाता है। इसके बाद संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

बताया गया कि राहत सामग्री वितरण के दौरान हुई इस घटना को किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मामले की जांच एवं कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल SHO के निलंबन के बाद मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *