दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. घर में अकेली मौजूद एक युवती पर अज्ञात हमलावर ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
घायल युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय युवती घर पर बिल्कुल अकेली थी. इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी घर के भीतर दाखिल हुआ और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. शुरुआती जांच में इस वारदात में एक जिम ट्रेनर का नाम सामने आ रहा है. सूत्रों ने बताया कि आरोपी महिला को कुछ समय से जानता था. उसने उस पर हमला किया और मौके से भाग गया.
मृतक लड़की का नाम मुस्कान बताया जा रहा है. वो स्टूडेंट भी थी और पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी. परिवार के करीबियों के मुताबिक इमरान नाम के लड़के ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है. मुस्कान के भाई आकाश ने पुलिस और परिवार के लोगों को बताया कि इमरान ने मुस्कान को चाकू मारा.
मृतका के दोस्त अमन ने मीडिया को बताया, ‘इनकी तीन बहनें हैं और एक छोटा भाई है. ये तीनों मेरे दोस्त हैं. इनकी बड़ी बहन चंडीगढ़ में है, उन्होंने मुझे फोन करके कहा कि तुम घर जाओ तुरंत, मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया है. जब तक मैं पहुंचा, एंबुलेंस आ चुकी थी. फिर मैं पीछे-पीछे गया.’