बीटेक छात्र ने मजाकिया अंदाज में पापा का काटा कॉल, कुछ देर बाद कर लिया सुसाइड

लखनऊ। रक्षाबंधन पर तीनों बहनें अपने इकलौते भाई आदर्श की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार कर रही थीं. घर में त्योहार की खुशियां थीं, लेकिन किसी को क्या पता था कि इस बार राखी भाई की कलाई पर नहीं, उसकी तस्वीर पर बांधनी पड़ेगी. आदर्श एक दिन पहले ही घर में हुए रुद्राभिषेक कार्यक्रम में शामिल होकर लखनऊ लौटा था. इसके बाद अचानक उसने खुदकुशी कर ली. कमरे से मिले एक भावुक नोट ने परिवार को अंदर तक झकझोर दिया.

मृतक छात्र की पहचान संतकबीरनगर जिले के महेरवा निवासी 18 वर्षीय आदर्श मिश्रा उर्फ तुषार के रूप में हुई है. आदर्श लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में रहकर एक प्राइवेट कॉलेज से बीटेक सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था. परिजनों के मुताबिक, शनिवार को गांव में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम था. आदर्श भी इसमें शामिल होने के लिए घर आया था. परिवार के साथ उसने वक्त बिताया और फिर रविवार को वापस लखनऊ के लिए रवाना हुआ. उसके पिता प्रमोद मिश्रा ने खुद उसे बस में बैठाकर लखनऊ के लिए रवाना किया था. उस वक्त परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि बेटे से यह उनकी आखिरी मुलाकात साबित होगी.

परिवार के मुताबिक, लखनऊ लौटने के बाद आदर्श सामान्य था. मंगलवार सुबह भी उसने माता-पिता से फोन पर बातचीत की थी. बातचीत में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिससे परिवार को उसकी परेशानी का अंदाजा हो सके. लेकिन उसी दिन कुछ घंटों बाद दोस्तों के जरिए परिजनों को उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली. आदर्श को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. खबर मिलते ही परिवार के लोग लखनऊ के लिए रवाना हुए. अस्पताल पहुंचने तक आदर्श की हालत गंभीर थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *