Headlines

Durg : अमलेश्वर की घटना, घर के बंटवारे को लेकर विवाद, बेटे ने मां के सिर पर स्टील के पल्टे से किया हमला

दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में घर के बंटवारे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने बड़े भाई के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि भाई ने अपनी मां के साथ गाली-गलौज करते हुए स्टील के पल्टे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं और सिर से खून निकलने लगा।

शिकायतकर्ता चित्ररेखा निषाद ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति जितेश्वर निषाद के साथ शीतला विहार, अमलेश्वर में रहती है और उसकी मां सरस्वती निषाद भी उसके साथ रहती हैं। परिवार में तीन बहनें और एक भाई हैं। शिकायत के अनुसार, तीनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई तुकाराम निषाद अविवाहित है और अलग रहता है।

चित्ररेखा के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को उसकी मां सरस्वती निषाद सुबह करीब 10 बजे हर्ष पुष्प गार्डन में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह अमलेश्वर में अपने पुराने घर के पास आराम कर रही थीं। इसी दौरान तुकाराम वहां पहुंचा और घर में जोर-जोर से हंगामा करने लगा। आवाज सुनकर मां घर से बाहर आईं और बड़े जीजा बीनु निषाद की फल दुकान के पास जाकर बैठ गईं।

आरोप है कि तुकाराम वहां भी पहुंच गया और घर के बंटवारे को लेकर मां से विवाद करने लगा। शिकायत में कहा गया है कि उसने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ में रखे स्टील के पल्टे से मां के सिर पर वार कर दिया। हमले में सरस्वती निषाद के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा।

घटना के समय बीनु निषाद और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद बीनु निषाद ने चित्ररेखा को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर चित्ररेखा मौके पर पहुंची और अपनी मां को बीनु निषाद के साथ उपचार के लिए ग्राम झीट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय उसकी मां ने बताया कि तुकाराम घर में अपना हिस्सा देने की बात कहकर उसके साथ मारपीट कर रहा था। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *