दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र से लापता हुईं तीन बच्चियों को दुर्ग पुलिस ने 12 घंटे से भी कम समय में सकुशल खोज निकाला। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को जामुल थाना क्षेत्र से तीन बच्चियों के घर से चले जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामुल पुलिस और एससीयू की टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। इसके लिए पांच पुलिस टीमें गठित कर अलग-अलग दिशाओं में खोजबीन की गई। बच्चियों की तलाश के दौरान पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ की गई और रेलवे स्टेशन सहित अन्य संभावित स्थानों पर जांच की गई।
पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों बच्चियों को 12 घंटे से कम समय में सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। इस कार्रवाई में जामुल थाना की महिला रक्षा टीम और एससीयू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी में जुटी टीमों के प्रयासों की सराहना की। वहीं, बच्चियों के परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।