रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के पास शोभायात्रा के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने अपराधी बालक को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, नाचने के दौरान धक्का-मुक्की से विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान बालक ने कथित तौर पर पेपर कटर से युवक की जांघ के पास वार कर दिया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात मोहल्ले में शोभायात्रा के दौरान समिति के लोग धुमाल के साथ स्वर्ण जयंती चौक पहुंचे थे। इस दौरान गौरव सेन भी वहां मौजूद था। शोर-शराबे और झगड़े की आवाज सुनकर उसके भाई अजय सेन मौके पर पहुंचे, जहां गौरव खून से लथपथ मिला।
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर गौरव को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद न्यू राजेंद्र नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और घटनास्थल की जांच के बाद संबंधित बालक को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी बालक ने नाचने के दौरान हुए विवाद में टेंट में इस्तेमाल होने वाला पेपर कटर उठाकर गौरव की जांघ के पास वार करने की बात बताई। घटना में इस्तेमाल पेपर कटर जब्त कर बालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की गई है।