एक बेड में दो नवजात और दो प्रसूता महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा! गजब है मेकाहारा का हाल, Video

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में मरीजों के लिए बेड की कमी का मामला सामने आया है। यहां एक ही बेड पर दो-दो मरीजों को लिटाए जाने की बात सामने आई है। स्थिति यह है कि एक ही बेड पर दो प्रसूता महिलाओं को उनके नवजात शिशुओं के साथ रखा गया है। इस स्थिति ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सामने आए वीडियो में एक ही बेड पर दो प्रसूता महिलाएं एक-दूसरे के सिर और पैर की दिशा में लेटी हुई दिखाई दे रही हैं। दोनों के साथ उनके नवजात शिशु भी हैं। अस्पताल में इस तरह मरीजों को रखने की स्थिति से प्रसूताओं और नवजातों की देखभाल को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

मेकाहारा जैसे बड़े सरकारी अस्पताल में दूर-दराज से मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। ऐसे में यदि मरीजों को पर्याप्त बेड उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, तो यह स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हालांकि, इस स्थिति के पीछे की वजह और अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।

अब सवाल यह है कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में मरीजों को पर्याप्त बेड और प्रसूता महिलाओं को जरूरी सुविधाएं कब मिलेंगी? अस्पताल प्रबंधन इस स्थिति को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *