होटल में रूम नहीं मिलने पर गुंडागर्दी, कारोबारी को हत्या की धमकी दी, आरोपी ने एसपी दफ्तर में किया सरेंडर

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के होटल एटलस में संचालक से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी दीपलाल निराला (39 वर्ष) ने पुलिस के लगातार दबाव के बीच एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को होटल संचालक हेमराज बरेठ ने जूटमिल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर की रात करीब 10:50 बजे वे सावित्री नगर गेट नंबर-2 के पास स्थित एटलस होटल में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी दीपलाल निराला शराब के नशे में होटल पहुंचा और स्टाफ से कमरा मांगा।

स्टाफ द्वारा कमरा खाली नहीं होने की जानकारी देने पर आरोपी काउंटर पर हाथ मारते हुए हंगामा करने लगा और होटल संचालक को बुलाने की बात कही। संचालक के पहुंचने पर आरोपी ने कमरा देने और शराब पीने के लिए पैसे देने की मांग की। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की तथा धक्का दिया।

शिकायत के आधार पर जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 606/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 115(2), 119(1), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई शुरू की। अपराध दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के समक्ष अपराध से तौबा कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुंडागर्दी और अपराध के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी, वहीं सुधार की राह चुनने वालों को अवसर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *