जासूस बनकर सिक्किम पहुंचे थे अजीत डोभाल, सुनाया पुराना अनुभव, बोले- मुझे लगा था करियर खत्म हो गया

रुड़की। आईआईटी रुड़की के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने शुरुआती करियर से जुड़ा एक पुराना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह युवा आईपीएस अधिकारी थे और खुफिया क्षेत्र में नए थे, तब उन्हें सिक्किम में खुफिया जिम्मेदारी दी गई थी। उनके अनुसार उस समय सिक्किम भारत में विलय की प्रक्रिया से गुजर रहा था और उनकी जिम्मेदारियों में सीमा क्षेत्रों की निगरानी तथा चीनी सेना की गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी जुटाना भी शामिल था।

डोभाल ने बताया कि एक बार सीमा क्षेत्र में एक खुफिया मिशन पर गए कुछ लोगों के तय समय पर वापस नहीं लौटने से वह काफी चिंतित हो गए थे। उन्होंने कहा कि मिशन से लौटने में पांच-छह दिन लगने की उम्मीद थी, लेकिन करीब 10-11 दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं था। करीब 15 दिन तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई और न ही किसी हिमस्खलन या अन्य दुर्घटना की सूचना मिली।

चीन ने हिरासत में लेकर की थी पूछताछ

डोभाल के मुताबिक, इसी दौरान उन्हें मुख्यालय से फोन आया। उनके वरिष्ठ अधिकारी ने पूछा कि क्या उन्होंने कुछ लोगों को सीमा पार भेजा है। डोभाल ने बताया कि उन्होंने कहा कि टीम के लौटने की उम्मीद थी, लेकिन निर्धारित समय से काफी अधिक वक्त बीत चुका है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें बताया कि संबंधित लोग चीनी हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की गई है। डोभाल ने कहा कि बाद में बातचीत या किसी समझौते के बाद चीन ने उन लोगों को वापस कर दिया।

जांच के दौरान डोभाल को लगा था करियर खत्म हो जाएगा

डोभाल ने बताया कि वापस लौटे लोग बेहद परेशान हालत में थे और इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। उस समय वह बीस की उम्र में थे और उन्हें लगा कि यह घटना उनके करियर का अंत हो सकती है।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद उन्हें दोषी नहीं पाया गया। डोभाल के अनुसार, मुख्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए कुछ स्केच और नक्शों में खामियां एवं गलतियां थीं, जिसके कारण घटना की परिस्थितियां बनीं। डोभाल ने इस अनुभव को अपने शुरुआती खुफिया करियर की एक महत्वपूर्ण घटना के रूप में साझा किया और बताया कि उस समय उन्हें लगा था कि अब उन्हें अपने लिए नया करियर तलाशना पड़ेगा, लेकिन जांच में उन्हें दोषमुक्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *