झोपड़ी में शराब का जखीरा, बाइक से भी हो रही थी तस्करी, कोटा पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 133 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान ‘प्रहार’ चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत कोटा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिलीप कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गनियारी के बांधा तालाब के पास घेराबंदी की।

इस दौरान पुलिस ने विरेन्द्र वर्मा (34 वर्ष), निवासी गनियारी को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे और उसकी झोपड़ी से 113 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 22,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ कोटा थाने में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं।दूसरी कार्रवाई में पुलिस को बिल्लीबंद से नवागांव की ओर मोटरसाइकिल से अवैध महुआ शराब ले जाए जाने की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाका चौक के पास घेराबंदी कर बृजभूषण उर्फ मुकेश कुमार जगत (30 वर्ष), निवासी नवागांव को पकड़ा।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EF 3831 पर ले जाई जा रही 20 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

कोटा पुलिस ने दोनों मामलों में 133 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य भी सुरक्षित किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *