कुरुद। एजे इंग्लिश स्कूल का बस चलाने वाले ड्राइवर की हत्या करने की कोशिश की गई। बीच रास्ते में बस को रोककर ड्राईवर को चाकू मार दिया गया। पुलिस ने मामले में बताया कि 28 जुलाई को दोपहर 3 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने निकली थी।
इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने बस को रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया। घटना की सूचना पर तत्काल कुरूद थाने में में अपराध क्रमांक 228/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रोहन साहू को विधिवत गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में शामिल बल अपराधी को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल बाइक और धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी रोहन साहू को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।