मंदिर हसौद में डिलीवरी बॉय से दिनदहाड़े लूट, तीन नकाबपोशों ने मोबाइल और 4 हजार रुपये छीने

रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में डिलीवरी बॉय से लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, लूटी गई रकम और हथियार बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम बोडरा, आरंग निवासी खिलावन लोधी ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा हितेश लोधी डिलीवरी बॉय का काम करता है। 1 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हितेश गनोंद से डिलीवरी कर धमनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोपहिया वाहन पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया।आरोपियों ने हितेश से करीब 4 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया।

इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए धारदार वस्तु से हमला किया और मौके से फरार हो गए।मामले की शिकायत पर मंदिर हसौद पुलिस ने तीन अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ BNS की धारा 309 एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, लूटी गई रकम और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *