Headlines

डिप्टी कलेक्टर पति 3 करोड़ कैश मांग रहा दहेज में, पत्नी का साथ छोड़ा

रायपुर। राजधानी में डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और घरेलू हिंसा के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने ससुराल पक्ष पर दहेज में लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे से हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। पूजा का आरोप है कि विवाह के दौरान उनके परिवार ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे, लेकिन इसके बावजूद शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे।

शिकायत में पूजा ने पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे पर लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 4 जनवरी 2025 को मायके की जमीन बेचकर रकम लाने के लिए दबाव बनाया गया और मना करने पर मारपीट की गई।

पीड़िता के मुताबिक, गर्भावस्था और बच्चे के जन्म के बाद भी प्रताड़ना जारी रही। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद पति ने उन्हें मायके में छोड़ दिया। 2 सितंबर 2026 को भानसोज स्थित मायके में भी पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

मामले की शिकायत महिला थाने में की गई थी। इसके बाद परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन सुलह नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *