मेकाहारा अस्पताल के सामने चोरी की प्लेटिना बाइक बरामद

रायपुर। राजधानी में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे रात्रि गश्त अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि बरामद बाइक की चोरी की रिपोर्ट पहले से थाना मौदहापारा में दर्ज थी।

यातायात पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान यातायात थाना प्रभारी अम्बरीश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस पेट्रोलिंग टीम जेल रोड स्थित मेकाहारा अस्पताल के सामने पहुंची। इस दौरान सड़क किनारे एक व्यक्ति बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया।

पुलिस ने देखा कि बाइक का सामने का नंबर प्लेट टूटा हुआ था, जबकि पीछे नंबर प्लेट लगा था। संदेह होने पर जैसे ही पुलिस टीम वाहन की ओर बढ़ी, पुलिस को अपनी ओर आता देखकर संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस टीम ने आसपास तलाश की, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।

ऑनलाइन जांच में खुला चोरी का राज

पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और पीछे लगे नंबर प्लेट के आधार पर ऑनलाइन पोर्टल एवं पुलिस रिकॉर्ड से वाहन की तकनीकी जांच की। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर पता चला कि 27 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाना मौदहापारा में दर्ज कराई गई थी। तस्दीक करने पर पुलिस ने पाया कि वाहन चोरी के संबंध में थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 158/2026 पहले से पंजीबद्ध है।

यातायात पुलिस ने बरामद बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल को आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना के लिए थाना मौदहापारा के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, बाइक छोड़कर फरार हुए संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *