मुंबई में बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव ने दिवंगत रिद्धि ठक्कर को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि - छत्तीसगढ़ बातचीत

मुंबई में बीजेपी नेता खूबलाल ध्रुव ने दिवंगत रिद्धि ठक्कर को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

मुंबई/कांदिवली। बीजेपी नेता एवं जिला पंचायत के पूर्व सदस्य खूबलाल ध्रुव ने मुंबई के कांदिवली स्थित ठक्कर परिवार के निवास पहुंचकर स्वर्गीय रिद्धि ठक्कर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने रिद्धि के पिताजी से मुलाकात कर परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।

गौरतलब है कि 12 अगस्त को छत्तीसगढ़ के मरकाटोला घाट, बालोद-कांकेर मार्ग पर सुबह करीब 6:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रिद्धि ठक्कर गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।रिद्धि ठक्कर एक प्रतिभाशाली मेकअप आर्टिस्ट और बेहतरीन बाइक राइडर थीं। उन्होंने अभिनेत्री अमीषा पटेल के मेकअप आर्टिस्ट के रूप में भी कार्य किया था तथा फिल्म Gadar 2 में अपने हुनर का परिचय दिया था। अपने कार्य के प्रति उनकी लगन, समर्पण और जिम्मेदारी के लिए उन्हें याद किया जा रहा है।

खूबलाल ध्रुव ने कहा कि रिद्धि का इतनी कम उम्र में असमय निधन बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व ही रिद्धि की माताजी का भी निधन हो चुका था। परिवार में अब उनके पिताजी और एक छोटा भाई हैं। ऐसी परिस्थितियों में परिवार पर आए इस दुख को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है।उन्होंने ईश्वर से दिवंगत रिद्धि ठक्कर की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *