Headlines

“नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प” अभियान : हिन्दू संगठनों ने दुर्ग के एमजे कॉलेज में सैकड़ों युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई

विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा भव्य आह्नान

दुर्ग। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका को सशक्त करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी, छत्तीसगढ़ प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में एमजे कॉलेज, दुर्ग में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विश्व हिन्दू परिषद परिवार के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया तथा छत्तीसगढ़ के गौरवशाली राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” का सामूहिक गायन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में पूर्णेन्द्र सिन्हा, प्रांत मंत्री, विश्व हिन्दू परिषद, छत्तीसगढ़ ने कहा कि भारत का युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार है। वर्तमान समय में विदेशी एवं राष्ट्रविरोधी शक्तियाँ युवाओं को नशे के दलदल में धकेलकर भारत की ऊर्जा और सामर्थ्य को कमजोर करने का षड्यंत्र कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा का कर्तव्य है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे, अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करे तथा राष्ट्रहित में स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारित जीवन का उदाहरण प्रस्तुत करे।

राज्य युवा आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि यदि युवाओं को किसी नशे का चयन करना है तो वह केवल राष्ट्रभक्ति, देशभक्ति और समाज सेवा का नशा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को अपना व्यक्तिगत लक्ष्य बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक और चरित्रवान युवा ही आत्मनिर्भर एवं विश्वगुरु भारत का निर्माण करेंगे।

राज्य बाल संरक्षण आयोग, छत्तीसगढ़ शासन की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि जिस दिन भारत का युवा नशे के विरुद्ध एकजुट होकर खड़ा हो जाएगा, उसी दिन देश सामाजिक बुराइयों से मुक्त होकर विकास और समृद्धि के नए युग में प्रवेश करेगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे स्वयं नशामुक्त रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी इस जनजागरण अभियान से जोड़ें।

कार्यक्रम के दौरान देश के यशस्वी प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रसारित राष्ट्रीय नशामुक्ति अभियान का संदेश भी सभी ने देखा एवं सुना। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों, संत समाज तथा प्रत्येक जागरूक नागरिक से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब परिवार, विद्यालय, समाज और युवा मिलकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देंगे।

इसके पश्चात भारती सिंह ठाकुर, प्रांत संयोजिका, दुर्गा वाहिनी ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने आजीवन नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में श्रीलेखा विरुलकर (डायरेक्टर, एमजे कॉलेज), मनीष भूचासीय (प्रांत सेवा प्रमुख), राकेश रामलोचन तिवारी (जिला मंत्री), रवि वाधवानी (प्रांत गौरक्षा प्रमुख), देवेंद्र डिकोडिया (जिला मंत्री, रायपुर), सौरभ देवगन (प्रांत सुरक्षा प्रमुख) सहित विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी के अनेक प्रांत एवं जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महाविद्यालय परिवार तथा सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं ऊर्जावान संचालन यशपाल साहू, प्रांत सह संयोजक, बजरंग दल, छत्तीसगढ़ ने किया। अंत में शुभम कुमार नाग, प्रांत संयोजक, बजरंग दल, छत्तीसगढ़ ने सभी अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का संकल्प तभी सफल होगा जब समाज का प्रत्येक नागरिक इस अभियान का सक्रिय सहभागी बने।

संपूर्ण कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में सामूहिक राष्ट्रीय गीत “संपूर्ण वन्दे मातरम्” के गायन के साथ हुआ। उपस्थित सभी युवाओं ने एक स्वर में नशामुक्त, संस्कारित, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *