पति को पत्नी की समझाइश रास नही आई, एल्यूमिनियम डिब्बे से हमला कर किया लहूलुहान

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा पत्नी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला ने अपने पति पर नशे की हालत में गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और एल्यूमिनियम के डिब्बे से सिर पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में महिला के सिर और हाथ में चोट आई है।

पुलिस के अनुसार, सरस्वती नांग ने शिकायत में बताया कि वह बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना में अपने पति अजय नांग और सास लता नांग के साथ रहती है। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन नशे की हालत में घर आता है और घरेलू बातों को लेकर विवाद करता है।

महिला के मुताबिक, 16 सितंबर की रात भी उसका पति नशे की हालत में घर आया था। समझाने पर वह विवाद करने लगा और गाली-गलौज करते हुए घर से चला गया। इसके बाद 17 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे पति दोबारा घर आया। महिला ने जब उसे नशा करने को लेकर समझाया तो वह भड़क गया।

आरोप है कि अजय ने पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान घर में रखे एल्यूमिनियम के डिब्बे से महिला के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से उसके सिर से खून निकलने लगा। महिला के बाएं हाथ की उंगली में भी चोट आई।

घटना के बाद सास के घर लौटने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी उन्हें और अपने मामा ससुर महेश राव को दी। इसके बाद वह मामा ससुर के साथ डीडी नगर थाने पहुंची। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए एम्स अस्पताल भेजा। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *