सरकारी चावल नमक और शक्कर का गबन, संचालन एजेंसी की अध्यक्ष और सचिव गिरफ्तार, सेल्समैन फरार

राशन दुकान में लाखों का खेल! 31 लाख से ज्यादा का चावल, नमक और शक्कर गायब, दो महिलाएं गिरफ्तार

रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। ससकोबा और गनपतपुर की राशन दुकानों की जांच में चावल, शक्कर और नमक की कुल 31 लाख 75 हजार रुपये से अधिक कीमत की कमी मिली है। जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की जांच की। भौतिक सत्यापन में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई है।

जांच में एक और गंभीर अनियमितता सामने आई। आरोप है कि अगस्त महीने में कई हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगरप्रिंट लगवा लिया गया, लेकिन इसके बाद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया।

खाद्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत कार्रवाई की गई। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया और सचिव माधुरी बाई राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया फरार है।

गनपतपुर की दुकान में 18.86 लाख का हिसाब गायब

इसी तरह ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 में भी जांच के दौरान भारी मात्रा में खाद्यान्न की कमी मिली। भौतिक सत्यापन में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये बताई गई है। दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जाना पाया गया। मामले में समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। इनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।

दो मामलों में केस दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने दोनों मामलों में रैरूमाखुर्द चौकी में क्रमशः अपराध क्रमांक 288/2026 और 289/2026 दर्ज किए हैं। दोनों मामलों में धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *