Raipur : ऑपरेशन वाली ब्लेड से हत्या की कोशिश, पुराने विवाद के चलते प्राणघातक हमला, डंगनिया का आरोपी युवक गिरफ्तार

रायपुर। डंगनिया क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने के बाद धारदार ब्लेड से हमला करने वाले आरोपी को डी.डी. नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार ऑपरेशन ब्लेड भी बरामद कर जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात डंगनिया क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर अमन यादव ने प्रार्थी से गाली-गलौज की और धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति पर भी आरोपी ने ऑपरेशन में इस्तेमाल ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में डी.डी. नगर थाना पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए डंगनिया के आरोपी अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार ऑपरेशन ब्लेड बरामद किया गया।

मामले में डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 591/2026 के तहत धारा 296 और 109(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *