जगदलपुर। भारत रत्न और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मशहूर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बस्तर आगमन पर माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, एसडीएम ऋषिकेश तिवारी एवं विपिन दुबे सहित अन्य अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए सचिन तेंदुलकर ने बताया कि बस्तर में 50 स्कूल मैदानों को विकसित किया जाएगा, जहां बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। सचिन ने बताया, ‘मैदान कप’ प्रतियोगिता के जरिए हजारों बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।
इस पहल को मानदेशी और सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन का सहयोग मिल रहा है। करीब 5 हजार से ज्यादा बच्चों को इस अभियान से सीधा लाभ मिलेगा। कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल जैसे खेलों के जरिए बस्तर के युवाओं को नई पहचान देने की तैयारी है।

