Headlines

ताजमहल देखकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ताजमहल देखकर लौट रहे स्कूली बच्चों से भरी बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक बच्चे घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस में स्कूली बच्चे सवार थे और वे आगरा में ताजमहल देखने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कन्नौज जिले में एक्सप्रेसवे पर बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे को लेकर प्रशासन ने बताया कि बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। बच्चों को शौचालय जाने के लिए चालक ने एक्सप्रेसवे के किनारे बस रोकी थी। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे आलू से लदे ट्रक ने खड़ी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे अंदर फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की टीम घायलों का इलाज कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *