Headlines

टीचर की सांसे थमी खाना खाते वक्त, हार्टअटैक से मौत

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शनिवार सुबह एक शिक्षक की कक्षा में अचानक मौत हो गई। शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के दौरान टिफिन से खाना खा रहे थे। उन्होंने अभी दो निवाले ही खाए थे कि अचानक कुर्सी पर अचेत होकर गिर पड़े। घटना के समय कक्षा में मौजूद बच्चे घबरा गए और दौड़कर अन्य शिक्षकों को सूचना दी। साथी शिक्षकों ने तत्काल सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

घटना हरदुआगंज क्षेत्र के धनीपुर ब्लॉक स्थित भूतपुरा कंपोजिट विद्यालय की है। मृतक की पहचान गांधीपार्क थाना क्षेत्र के डोरीनगर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार पुत्र रामदास के रूप में हुई है। वह विद्यालय के प्राइमरी सेक्शन में सहायक अध्यापक थे और कक्षा तीन के क्लास टीचर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

प्रधानाध्यापिका संगीता सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे सभी शिक्षक अपने-अपने कक्षाओं में बच्चों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान कक्षा तीन का एक बच्चा दौड़कर आया और संतोष कुमार के बेहोश होने की जानकारी दी। प्रधानाध्यापिका अन्य शिक्षकों के साथ कक्षा में पहुंचीं तो शिक्षक कुर्सी पर अचेत पड़े थे। मेज पर खाना खुला हुआ था और उनके मुंह में भी निवाला था।

साथी शिक्षकों ने तुरंत उन्हें सीपीआर दिया और अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की। पहले उन्हें हरदुआगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें पं. दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। घटना के बाद विद्यालय में शोक का माहौल है। बच्चों और शिक्षकों में भी इस घटना को लेकर दुख है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *