रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सेल्समैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तेलीबांधा पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी तुषार के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मरीन ड्राइव तेलीबांधा निवासी ललित नायक ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह पंडरी कपड़ा मार्केट में सेल्समैन के रूप में कार्य करता है। 29 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह काम से लौटने के बाद अपनी कॉलोनी के चौक के पास खड़ा था। इसी दौरान उसका परिचित तुषार वहां पहुंचा, जो शराब के नशे में था।
शिकायत के मुताबिक, तुषार ने ललित से कहा कि वह फोन पर ज्यादा बात करता है। इसके बाद उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इस घटना में ललित के बाईं भौंह के पास चोट आई। घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।