Headlines

Video रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी का उत्साह, जयस्तंभ चौक पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। शारदा चौक से महादेवघाट तक विभिन्न गणेश समितियों की झांकियां निकाली जा रही हैं। झांकी देखने के लिए जयस्तंभ चौक सहित मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। झांकी के चलते शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। झांकी मार्ग पर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और यातायात पुलिस लगातार व्यवस्था संभाल रही है।

झांकी के दौरान भीड़ के बीच एक एंबुलेंस फंस गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को भीड़ से बाहर निकलवाया। पुलिस की मदद से एंबुलेंस को सुरक्षित रास्ता दिया गया।

झांकी देखने पहुंची भीड़ के बीच कुछ बच्चे और महिलाएं अपने परिवार से बिछड़ गए। ऐसे लोगों की सहायता के लिए पुलिस सहायता केंद्र की टीम सक्रिय है। पुलिसकर्मी उन्हें उनके परिजनों से मिलाने के लिए आवश्यक मदद कर रहे हैं।

गणेश विसर्जन झांकी के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की विशेष नजर है। पुलिस द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे झांकी मार्ग की निगरानी की जा रही है। यातायात पुलिस की ओर से पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों से निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी निर्धारित नियमों का पालन कराया जा रहा है, ताकि झांकी के दौरान व्यवस्था बनी रहे।

इस बार झांकियों में अलग-अलग धार्मिक और पौराणिक कथाओं को दर्शाया गया है। एक झांकी में वासुकी नाग और गरुड़ के बीच युद्ध की थीम को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। वहीं एक झांकी में यमलोक पर रावण के हमले का दृश्य दिखाया गया है। इसके अलावा एक झांकी में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गरुड़ का घमंड तोड़ने की कथा को प्रदर्शित किया गया है। इन झांकियों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *