Headlines

Raipur : गणेश झांकी में पुलिस की मुस्तैदी से टली अप्रिय घटना, चाकू और लोहे का कड़ा बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गणेश झांकी और विसर्जन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस की मुस्तैदी का असर भी नजर आया और झांकी में घूम रहे संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की गई।पुलिस जवानों ने भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई लोगों को पकड़ा। इस दौरान हथियार भी बरामद किए गए हैं। जब्त हथियारों में लोहे का कड़ा और चाकू शामिल हैं। इसके अलावा कुछ युवकों को शराब के साथ भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की इस कार्रवाई से झांकी के दौरान असामाजिक गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।

गणेश झांकी के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ राजधानी की सड़कों पर मौजूद रही। ऐसे में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखते हुए संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया। पुलिसकर्मी लगातार संदिग्ध लोगों और उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस की सतर्कता के चलते झांकी के दौरान अब तक किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राजधानी में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और गणेश भक्तों की झांकियां निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ रही हैं।गणेश प्रतिमाओं की झांकियां कुछ देर में महादेव घाट पहुंचेंगी। यहां प्रशासन द्वारा बनाए गए विसर्जन कुंड में भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान और सम्मान के साथ विसर्जन किया जाएगा।

विसर्जन स्थल पर भी प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव के अंतिम चरण में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की लगातार निगरानी और कार्रवाई के बीच गणेश झांकी शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *