कोरबा। पुलिस थाने का परिसर, जहां रोजाना लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं और पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था से जुड़े कामकाज में व्यस्त रहते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर सोशल मीडिया रील्स बनाए जाने का मामला अब चर्चा में आ गया है। कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में वीडियो शूट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड किए जाने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सवाल उठने लगे।
जानकारी के मुताबिक, ‘ll_uma_baby111’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से 11 सितंबर 2026 की शाम कोतवाली थाना परिसर के भीतर कुछ सेकंड के कई वीडियो रिकॉर्ड कर लगातार अपलोड किए गए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने थाना परिसर में सोशल मीडिया कंटेंट बनाए जाने को लेकर आपत्ति जताई।
थाना परिसर आम नागरिकों के लिए शिकायत और पुलिस कार्रवाई से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। यहां पुलिसकर्मी अपने नियमित दायित्वों का निर्वहन करते हैं और फरियादियों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में परिसर के भीतर रील्स शूट किए जाने को लेकर मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया।
वीडियो को लेकर मामला तूल पकड़ने के बाद संबंधित महिला ने एक नया वीडियो जारी किया है। इसमें वह माफी मांगती नजर आ रही है। महिला ने अपने नए वीडियो में लोगों से पहले वायरल हो चुके वीडियो को आगे शेयर नहीं करने और उसे ज्यादा प्रसारित नहीं करने की अपील की है।