रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में फैंसी स्टोर में सामान के रेट को लेकर विवाद के बाद दुकानदार और उसकी सास के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार डीके निषाद ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, डीके निषाद पचपेड़ीनाका स्थित पुराने यातायात थाना के सामने पिंकी फैंसी स्टोर्स का संचालन करते हैं। 12 सितंबर 2026 को वह अपनी सास गंगा निषाद के साथ दुकान में मौजूद थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12:30 बजे कनक, निशा और एक अन्य व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और सामान दिखाने को कहा।
दुकानदार ने उन्हें सामान दिखाया और कीमत बताई। आरोप है कि इसके बाद ग्राहक सामान के रेट को लेकर मोलभाव करने लगे। दुकानदार द्वारा मोलभाव से मना किए जाने पर विवाद बढ़ गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कनक, निशा और उनके साथ आए व्यक्ति ने उसे और उसकी सास को अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की। मारपीट में डीके निषाद के बाएं मस्तक और गले में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के दौरान उनकी पत्नी पिंकी निषाद को भी चोट लगने का आरोप है।
दर्द अधिक होने पर डीके निषाद रिपोर्ट दर्ज कराने राजेंद्र नगर थाना पहुंचे। पुलिस स्टाफ ने उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मेकाहारा अस्पताल रायपुर भेजा। अस्पताल से लौटने के बाद उन्होंने थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के दौरान उसकी पत्नी पिंकी निषाद और चेतन निषाद मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखा-सुना और बीच-बचाव किया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी।