Headlines

बालोद में तीजा पर घर लौट रहे भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत, बेकाबू पिकअप ने बुझा दिया घर का चिराग

बालोद। जिले में तीजा त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। बहन को तीजा पर घर लाने के लिए बाइक से निकले भाई-बहन की सड़क हादसे में मौत हो गई। मोखा गांव से बड़े गौरी लौटते समय पुरूर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीजा पर बहन को लेने पहुंचा था भाई

मिली जानकारी के अनुसार, घटना पुरूर थाना क्षेत्र की है। बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा शनिवार को अपनी बहन नीता सिंह को तीजा त्योहार के अवसर पर मायके लाने के लिए मोखा गांव गए थे। बहन को लेकर दोनों बाइक से बड़े गौरी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरूर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

टक्कर के बाद पिकअप छोड़कर फरार हुआ चालक

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। फिलहाल पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और सड़क हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।तीजा जैसे पारिवारिक त्योहार पर हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *