धमतरी। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर नगरी पुलिस ने नंगरानाला जंगल में दबिश देकर जुआ खेल रहे 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से नगदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत करीब 1.43 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नगरी पुलिस को सूचना मिली थी कि नंगरानाला जंगल के अंदर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर पांच लोग जुआ खेलते हुए मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 पत्ती ताश, 16 हजार रुपये नगद, 7 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल जब्त कीं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 43 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से भानेंद्र कुमार साहू (21), दिनेश तिवारी (55), राजकुमार भारद्वाज (54), प्रकाश नेताम (40) और संदीप छत्तर (45) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नगरी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। नगरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 64/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में वैधानिक कार्रवाई की है।