रायपुर फिर रायगढ़ में रेप, विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर बंधक बनाया और करता रहा ब्लैकमेल

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने एक 24 वर्षीय विवाहिता युवती को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर रायपुर और रायगढ़ में होटल व मकान में अपने कब्जे में रखने तथा फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये मांगने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवती को सकुशल दस्तयाब करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को एक महिला ने अपनी 24 वर्षीय बेटी के 3 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट चक्रधरनगर थाने में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 140(3) BNS में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश दी। यहां से पुलिस ने लापता युवती को आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू (20), निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के कब्जे से सकुशल बरामद किया।

महिला पुलिस अधिकारी द्वारा युवती का बयान दर्ज किया गया। युवती ने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी। वहां उसकी मुलाकात अज्जू से हुई और दोनों के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद आरोपी उससे लगातार बातचीत करने लगा और रायपुर चलकर होटल में रुकने के लिए दबाव बनाने लगा।

आरोप है कि आरोपी युवती को रायपुर के एक होटल में ले गया और वहां उसे बाहर जाने तथा होटल से चेकआउट करने नहीं दिया। युवती किसी तरह 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को इसकी जानकारी मिली तो वह रायगढ़ रेलवे स्टेशन से युवती को जबरदस्ती अपने साथ एक होटल ले गया और वहां भी उसे बाहर नहीं जाने दिया।

युवती के घर जाने की जिद करने पर आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित मकान में ले गया, जहां कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर रखा गया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी मीना बाजार में खींचे गए फोटो और उसके साथ रहने की बात को लेकर उसे रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी देता था। साथ ही आरोपी कथित तौर पर कहता था कि उसने उस पर 50 हजार रुपये से अधिक खर्च किए हैं और पैसे मिलने तक उसे जाने नहीं देगा।

सूचना मिलने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने मकान में दबिश देकर युवती को सकुशल बरामद किया और मौके से आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 16 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *