महासमुंद। नगर पालिका के एक सफाईकर्मी के साथ सड़क हादसे के बाद मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। सफाईकर्मी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए स्कूटी सवार पर गाली-गलौज करने, धमकी देने और सिर को ग्रिल में धक्का देकर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, नगर पालिका के सफाईकर्मी टिकेश्वर सारथी 17 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HG1448 से नगर पालिका जा रहे थे। इसी दौरान गुरुद्वारा के पास सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।
आरोप है कि टक्कर के बाद स्कूटी पर सवार अमरजीत गुरुदत्ता नीचे उतरा और टिकेश्वर के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। इसके बाद उसने टिकेश्वर के सिर को पास लगी ग्रिल में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट आई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना के दौरान उसके साथी गोपाल सेन और दुर्गेश ध्रुव मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूरी घटना देखी। चोट लगने के बाद टिकेश्वर ने मामले की शिकायत महासमुंद कोतवाली थाने में दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।