रायगढ़ में किराना दुकानवाला गिरफ्तार, पेम्पर्स खरीदने गई किशोरी रोती हुई घर लौटी, अश्लील इशारे करने का आरोप

रायगढ़। नाबालिगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने 12 वर्षीय नाबालिग से अश्लील इशारे करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना की शिकायत के 24 घंटे के भीतर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को एक महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 17 सितंबर की रात करीब 9 बजे उसने अपनी 12 वर्षीय बेटी को घर के पीछे स्थित किराना दुकान से छोटे बच्चे के लिए सामान पेम्पर्स लेने भेजा था। कुछ देर बाद बच्ची रोते हुए घर लौटी और उसने दुकान संचालक भोलेनाथ कलेत (35 वर्ष) पर अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया।

बच्ची ने डरकर दुकान से सामान लिए बिना घर लौटकर घटना की जानकारी अपनी मां को दी। इसके बाद परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 519/2026 के तहत धारा 79 बीएनएस और धारा 12 पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ और कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *