Headlines

Bastar : गणेश पंडाल के पास तेज रफ्तार बाइक को रोकना पड़ा भारी, किसान पर त्रिशूल से हमला, पत्नी भी घायल

बस्तर। नगरनार थाना क्षेत्र के कोपागुड़ा पनारा पारा गांव में गणेश पंडाल के पास बाइक तेज चलाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने एक किसान से गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान एक महिला पूजा में इस्तेमाल होने वाला त्रिशूल लेकर पहुंची और किसान पर हमला कर दिया। घटना में किसान और उसकी पत्नी घायल हो गए। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, किसान कमलोचन साईं ने बताया कि 18 सितंबर 2026 की रात गांव के गणेश पंडाल में बच्चों का डांस कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब 9:30 बजे गांव के शिवा, पुरनो चंद्र और सुखराम एक मोटरसाइकिल से पंडाल के पास तेज रफ्तार में पहुंचे। बाइक शिवा चला रहा था।

कमलोचन साईं ने उन्हें रोककर कहा कि यहां कार्यक्रम चल रहा है और इतनी तेज गति से बाइक चलाने पर हादसा हो सकता है। आरोप है कि इस बात पर तीनों युवक गाली-गलौज करने लगे और किसान के साथ धक्का-मुक्की कर उसे जमीन पर गिरा दिया। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान सुखराम की मां कमली अपने घर से पूजा वाला त्रिशूल लेकर मौके पर पहुंची और किसान पर हमला करने लगी। किसान ने अपने बाएं हाथ से वार रोकने का प्रयास किया, जिससे उसकी कलाई के पास चोट लग गई।

घटना के दौरान किसान की पत्नी कमल बीच-बचाव करने पहुंची तो उसके माथे के बाएं हिस्से में भी चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि घटना को गांव के बीमबती, जलधर पटेल, देवती पटेल सहित अन्य लोगों ने देखा। किसान ने नगरनार थाने में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *