बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में किराना-सब्जी व्यापारी के साथ मारपीट और उसकी पत्नी से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। व्यापारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए दो युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, व्यापारी उत्तम निषाद ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को वह अपनी दुकान पर था। रात करीब 8:30 बजे उसने अपनी पत्नी नंदनी कैवर्त को खाना बनाने के लिए घर भेजा था। हालांकि, घर पहुंचने से पहले ही पत्नी वापस दुकान पर आ गई।
शिकायत के अनुसार, नंदनी ने बताया कि रास्ते में दीपक ठाकुर और कालू उसे देखकर अश्लील गाली-गलौज करने लगे, जिसके कारण वह वापस दुकान लौट आई। इसके बाद उत्तम और उसकी पत्नी दुकान बंद कर घर के लिए साथ निकले।
आरोप है कि रास्ते में दोनों युवक फिर मिल गए। उत्तम ने जब पत्नी से गाली-गलौज करने का कारण पूछा तो दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी दौरान दीपक ठाकुर ने उसे पकड़ लिया, जबकि कालू ने किसी नुकीली वस्तु से उसके पेट पर वार कर दिया।
शिकायत में बताया गया है कि नुकीली वस्तु से पेट में दो जगह चोट लगी, जबकि मारपीट के दौरान गाल पर भी चोट आई। व्यापारी ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।