रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक्टिवा चोरी के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक्टिवा वाहन भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है, जिसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी चंद्रकिशोर अग्रहरि ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 सितंबर 2026 को नेचुरल आइसक्रीम दुकान के पास खड़ी उसकी एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 एलएन 4699 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 497/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर चोरी की एक्टिवा और आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी और चोरी के वाहन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने ईकबाल खान उर्फ मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सीजी 04 एलएन 4699 नंबर की एक्टिवा, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ईकबाल खान थाना तेलीबांधा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ थाना तेलीबांधा में आर्म्स एक्ट के 4 मामलों सहित मारपीट, बलवा और प्रतिबंधात्मक धाराओं के करीब 10 अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में इन मामलों में जेल भी जा चुका है।