हाथरस। आज रविवार सुबह डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई। सादाबाद बायपास मार्ग स्थित ताज बॉडी के पास एक घर में पूर्व फौजी और उनकी पत्नी के शव खून से लथपथ मिले। दोनों की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह काफी देर तक घर का गेट नहीं खुला तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों की मदद से किसी तरह गेट खुलवाया गया। अंदर जाने पर पति-पत्नी के शव पड़े मिले। दोनों के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों के संबंध में पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आएगी।