रायपुर। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रदेश के 19 नायब तहसीलदारों को तहसीलदार के पद पर पदोन्नत करने का आदेश जारी किया है। यह आदेश आज 29 सितंबर को जारी किया गया है। पदोन्नत अधिकारियों को वेतन मैट्रिक्स लेवल-9 के तहत ₹38,100 से ₹1,20,400 के वेतनमान में तहसीलदार पद पर पदोन्नति दी गई है।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार पदोन्नत अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक संबंधित जिलों में पदस्थ किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति इस शर्त पर प्रभावी होगी कि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कोई विभागीय जांच लंबित या प्रचलित नहीं है तथा वे निलंबित नहीं हैं। यदि किसी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय जांच चल रही है या वह निलंबित है, तो संबंधित मामले में पदोन्नति आदेश शून्य माना जाएगा।

इन अधिकारियों को मिली नई पदस्थापना
जारी सूची के अनुसार आयुष तिवारी को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से बलौदाबाजार-भाटापारा, उमेश कुमार लहरी को बेमेतरा से महासमुंद, मोहित कुमार अमिलो को महासमुंद से बालोद तथा अब्दुल वसीम सिद्दीकी को राजनांदगांव से दुर्ग पदस्थ किया गया है। इसी तरह योगेश राजपूत को गरियाबंद से दुर्ग, अभिषेक अग्रवाल को बलौदाबाजार-भाटापारा में ही पदस्थापित किया गया है। श्रद्धा सिंह को बिलासपुर से राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला बिलासपुर भेजा गया है।
सुजल साहू को जांजगीर-चांपा से महासमुंद, मनप्रीत कौर को पटवारी प्रशिक्षण शाला रायपुर में ही, प्रशांत गुप्ता को जांजगीर-चांपा से नारायणपुर और प्रकाश पटेल को बलौदाबाजार-भाटापारा से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पदस्थ किया गया है। इसके अलावा चन्द्र कुमार को जांजगीर से बलरामपुर-रामानुजगंज, दुनेश्वर कुमार को कबीरधाम से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, जयंत कुमार पटले को बेमेतरा से रायगढ़ तथा विभोर यादव को बिलासपुर में ही तहसीलदार के पद पर पदस्थ किया गया है।
कौशल प्रसाद साहू को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से सक्ती, शशि नर्मदा को नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण से मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, जानकी कठोले कोरबा से कोरबा तथा नागेश तांडेय को कबीरधाम से राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।