बैकुंठपुर। एमसीबी जिले के चिरमिरी के पोड़ी स्थित मंगल भवन में आयोजित दो दिवसीय वृहद मेगा हेल्थ कैंप के पहले दिन मानव सेवा और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी प्रेरक पहल सामने आई। स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने मृत्यु के बाद अपना देहदान करने का संकल्प लिया।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में देहदान से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर अपना संकल्प दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि देहदान चिकित्सा शिक्षा, शोध और अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण है। मृत्यु के बाद भी यदि शरीर चिकित्सा विद्यार्थियों के अध्ययन और शोध के काम आ सके तथा इससे भविष्य में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था विकसित करने में योगदान मिले, तो यह मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कलेक्टर ने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य केवल स्वयं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और दूसरों के लिए उपयोगी बनना भी है। उन्होंने कहा कि देहदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है।
उन्होंने स्वयं देहदान का संकल्प लेकर लोगों को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने का संदेश दिया। मेगा हेल्थ कैंप में कलेक्टर के इस निर्णय की जानकारी सामने आने के बाद चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित नागरिकों ने इसकी सराहना की।
विशेषकर ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में अंगदान एवं देहदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। कलेक्टर द्वारा स्वयं आगे बढ़कर देहदान का संकल्प लेना इस दिशा में लोगों को जागरूक करने वाला महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।