कोरबा। कुसमुंडा खदान में रविवार को दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
मृतक चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक का शव काफी देर तक ट्रेलर के केबिन में फंसा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य के जरिए शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल दोनों वाहन नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार पीकेएस कंपनी से जुड़े हैं। घटना के बाद खदान क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए मुआवजा और नौकरी की मांग की। प्रदर्शन के चलते खदान क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस और संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।