धमतरी। कुरूद के भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में चाकू से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल युवती की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान अनीता मंडावी उर्फ संजीता (22), निवासी ग्राम कानागांव, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। युवती की मौत के बाद अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को राइस मिल में रेजा का काम करने वाली सुषमा दुग्गा ने कुरूद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी साथी सुरजबति के साथ एक कमरे में थी। बाजू के कमरे में अनीता मंडावी अपनी सहेली ज्योति के साथ मौजूद थी। इसी दौरान अचानक चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर सुषमा बाहर निकली तो उसने दुलेश्वर टंडन को हाथ में चाकू लेकर भागते हुए देखा। इसके बाद कमरे के अंदर पहुंचने पर अनीता मंडावी खून से लथपथ हालत में मिली। घायल युवती को तत्काल कुरूद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में धमतरी के गुप्ता अस्पताल रेफर किया गया।
रविवार सुबह इलाज के दौरान अनीता मंडावी की मौत हो गई। अस्पताल के अनुसार, चाकू के कई वार से युवती की आंत में गंभीर चोट आई थी और उसका ऑपरेशन किया जाना था।
इधर, घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाठागांव निवासी दुलेश्वर टंडन को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। अब युवती की मौत के बाद पुलिस प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कार्रवाई करेगी।